प्रदेशभर में बुधवार से उत्तराखंड राज्य स्थापना के जश्न की धूम शुरू हो गया। टपकेश्वर स्थित माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर में बुधवार सुबह राज्य की सुख-समृद्धि के लिए विशेष पूजा-अर्चना और हवन किया गया।
इसके बाद कचहरी स्थित शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। रात को सहारनपुर चौक स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर में 1100 दीयों के साथ दीपोत्सव मनाया जाएगा।
उत्तराखंड राज्य स्थापना के अवसर पर प्रदेशभर में एक से नौ नवंबर तक अलग-अलग स्थानों विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। मुख्य आयोजन बॉलीवुड नाइट नौ नवंबर को परेड ग्राउंड में होगा। इस दौरान बॉलीवुड नाइट में बलूनी क्लासेस की ओर से 18 फीट का केक काटा जाएगा।
माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर के आचार्य विपिन जोशी ने बताया कि राज्य स्थापना के उपलक्ष्य में बुधवार सुबह मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन करने के साथ राज्य की खुशहाली के लिए यज्ञ किया गया।
आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। कचहरी स्थित शहीद स्मारक पर सुबह 11 बजे राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस दौरान राज्य आंदोलनकारी व अन्य लोग जनगीत और मांगलगीत गाकर उत्तराखंड उदय महोत्सव का शुभारंभ किया।