बागेश्वर जिले के ग्राम चामी निवासी गौरव पांडे ने लंदन निकाय चुनाव में दावेदारी पेश की है। उनका मुकाबला डर्बी के पूर्व मेयर के साथ है। वहां निकाय चुनाव के लिए मतदान गुरुवार को होना है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से बागेश्वर जिले के ग्राम चामी निवासी 44 वर्षीय गौरव के पिता स्व. हरीश पांडे एमईएस से सेवानिवृत्त थे जबकि माता मंजुला पांडे गृहिणी हैं। गौरव ने जम्मू से अपनी शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद वह लंदन चले गए।
इन दिनों लंदन में हो रहे निकाय चुनाव में वह मैकवर्थ एंड मॉर्ले वार्ड से कंजर्वेटिव पार्टी के लिए काउंसलर पद के उम्मीदवार हैं। वह पिछले चार सालों से ब्रिटेन की सत्तारूढ़ पार्टी कंजर्वेटिव से जुड़े हैं। गुरुवार को होने वाले चुनाव में उनकी स्थिति काफी मजबूत बताई जा रही है। गौरव का मुकाबला डर्बी के पूर्व मेयर के साथ है, उनके विपक्ष में पांच प्रत्याशी हैं। गौरव के मामा यहां अल्मोड़ा के हुक्का क्लब में रहते हैं। गौरव 2017 में अल्मोड़ा आए थे।