पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की फेसबुक पर डाली गई एक पोस्ट राजनीतिक हलकों में फिर से सनसनी फैला रही है। उनके अनुसार, उत्तराखंड एक छोटा राज्य है, यहां अस्थिरता भी जल्दी आती है। अब तक तीन-चार मुख्यमंत्री प्रत्यक्ष रूप से ब्लैकमेलर के चंगुल में आ चुके हैं। उनके अनुसार, यदि राज्य में पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलर राजनीतिक संरक्षण पाएंगे तो इस राज्य का भगवान ही मालिक है।
हरीश रावत अकसर अपने बेबाक बयानों से चौंकाते हैं। इस बार भी उन्होंने बड़े राजनीतिक घटनाक्रम की ओर से इशारा किया है। हरीश रावत ने राज्य के मुख्यमंत्रियों के कथित ब्लैकमेलर के चंगुल में फंसे होने की बात से चौंका दिया है, जबकि वह खुद पूर्व में एक स्टिंग का शिकार हो चुके हैं।
अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा भी है, हमने भी कुछ गलतियां की हैं, उत्तराखंड ने उसका दंड भी दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य को ऐसे लोगों को पहचाने की जरूरत है, जो महज ब्लैकमेलिंग के लिए उत्तराखंड में आए हैं। आज अकूत धन अर्जित कर रहे हैं। हरीश ने कहा कि यदि ऐसे व्यक्ति का कोई भी ब्लैकमेलिंग का शिकार हुआ है तो वह उसके साथ खड़े हैं।