हालांकि प्रशासन ने यहां मनेरा बाईपास से होकर यातायात की व्यवस्था की है। इस बाईपास पर भी मनेरा के पास बार-बार भारी मलबा आने के कारण यातायात जोखिम भरा बना हुआ है। साथ ही बस आदि भारी वाहनों को तेखला होते हुए करीब दस किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
सेरसी में 25 घंटे बाद खुला रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे
रविवार को फाटा के समीप सेरसी में 25 घंटे बाद रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल हो पाया। यहां पहाड़ी से रुक-रुककर मलबा गिर रहा है, जिससे खतरा बना हुआ है। साथ ही बांसवाड़ा व जामू नर्सरी में भी मलबे के चलते हाईवे दो घंटे से अधिक बंद रहा। हाईवे पर भूस्खलन जोन सेरसी में अपराह्न तीन बजे भारी मलबा और बोल्डरों की सफाई कर वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई।
राजधानी देहरादून सहित प्रदेशभर में आज बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि कहीं भी भारी बारिश की आशंका नहीं है। रविवार को प्रदेशभर में बादल छाए रहे। कुछ पर्वतीय इलाकों में बारिश भी हुई। राजधानी में बादल तो छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई।
मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, सोमवार को राजधानी दून समेत अधिकांश इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। कई इलाकों में गरज और चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में अगले चार से छह दिनों के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री तक अधिक रह सकता है।