राजधानी देहरादून में जून की गर्मी ने छह साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साल 2012 के बाद शनिवार को पहली बार जून में 41 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, शनिवार इस वर्ष का सबसे गर्म दिन भी रहा। इन दिनों दून और आसपास के ज्यादातर क्षेत्रों में जबरदस्त गर्मी पड़ रही है। शनिवार को सुबह से अधिकांश इलाकों में तेज धूप रही। दोपहर बाद गर्मी और उमस बहुत ज्यादा बढ़ गई। दून का अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2012 में दून में जून का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। पिछले दस वर्षों के दौरान केवल 2012 में ही तापमान 42 डिग्री के उच्चतम शिखर पर पहुंचा था। दून में जून की सबसे ज्यादा गर्मी का ओवरऑल रिकॉर्ड चार जून 1902 का है। तब अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री तक पहुंच गया था। पिछले सौ वर्षों से अधिक समय से यह रिकॉर्ड बरकरार है। शनिवार का तापमान वर्ष 2019 का अब तक का सबसे अधिक है।