दशमोत्तर छात्रवृत्ति घोटाले की जांच कर रही एसआइटी बाहरी जिलों के कॉलेजों की जांच के बाद जिले के कॉलेजों की जांच कर रही है। एसआईटी जांच में पांच कॉलेजों में कोई अनियमितता नहीं मिली। अब तक 43 कॉलेजों की जांच हो चुकी है जबकि 160 कॉलेजों की जांच जारी है।
एसआईटी ने छात्रवृत्ति घोटाले में जिले के 203 कॉलेजों को जांच के दायरे में लिया था। इनमें 2011 से 2015 तक दाखिल लेकर छात्रवृत्ति लेने वालों की जांच की जा रही है। एसआईटी ने बड़ी संख्या में छात्रों से पूछताछ की और कॉलेजों के साथ ही जिला समाज कल्याण विभाग से दस्तावेज भी तलब किए हैं।
इस दौरान जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से दस्तावेज उपलब्ध कराने में विलंब की वजह से जांच प्रभावित हुई है। सितंबर में एसआईटी ने 38 कॉलेजों की जांच पूरी कर ली थी और इन कॉलेजों में कोई अनियमितता नहीं मिली थी। अब पांच और कॉलेजों की जांच पूरी हो चुकी है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार इन कॉलेजों में छात्रवृत्ति वितरण में अनियमितताएं नहीं मिली है। इसके बाद अब एसआईटी ने अन्य कॉलेजों की तरफ जांच का रुख मोड़ दिया है। एसआईटी को अभी 160 कॉलेजों की जांच करनी हैं।