हरिद्वार: ट्रक चालकों ने हाईवे किया जाम
हड़ताल के चलते गंगा स्नान और देव दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को परेशानी हुई। जिन्होंने वाहन चलाने की कोशिश की उन्हें यूनियन के अन्य चालकों ने रोक दिया। बहादराबाद में अनुबंधित बसों के चालकों ने भी वाहन खड़े कर दिए। ट्रक चालकों ने रोशनाबाद सिडकुल क्षेत्र में हाईवे जाम कर दिया। पुलिस प्रशासन ने वार्ता का प्रयास किया तो चालक अभद्रता पर उतर आए। एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव उनसे वार्ता करने के लिए पहुंचे। कई यूनियनों को वार्ता के लिए बुलाया गया।
रुड़की: इंतजार करने के बाद लौटे यात्री
रुड़की में सुबह चार बजे के बाद डिपो परिसर से कोई बस नहीं निकली बाहर। बसों का इंतजार करने के बाद यात्री लौटने लगे। तहसीलदार ने चालकों से बात की लेकिन उन्होंने बस चलाने से इन्कार कर दिया। भगवानपुर में वाहन चालकों व प्रदर्शन करने वाले चालकों के बीच नोकझोंक भी हुई। टोल प्लाजा पर वाहनों को रोकने के कारण काॅलेज में परीक्षा देने जा रहे छात्रों को परेशानी झेलनी पड़ी। किशनपुर के एक कॉलेज में पॉलिटेक्निक के छात्रों की परीक्षा थी। कलियर में जाम का सामना करना पड़ा।
ऋषिकेश: रोडवेज की हड़ताल से यात्री भटकते रहे बे-बस
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के तीन दिवसीय हड़ताल के आह्वान के पहले दिन रोडवेज बसों का संचालन ठप रहा। यात्री दिनभर बसों के लिए भटकते रहे। रोडवेज कर्मियों ने दोपहर बाद प्राइवेट बसों का संचालन भी बंद करवा दिया। इससे स्थिति और बिगड़ गई। नए साल का जश्न मनाने बाहर से आए लोगों को भी परेशान होना पड़ा। कुछ लोगों ने प्राइवेट बसों, टैक्सियों और ट्रेनों से आगे का सफर किया।