प्रदेश सरकार ने मुफ्त कोचिंग सुविधा के लिए अनुसूचित जाति व जनजाति के छात्र-छात्राओं के परिवारों की वार्षिक आय सीमा में चार गुना बढ़ोतरी की है। अब आठ लाख तक आय वाले परिवारों के विद्यार्थियों को मुफ्त कोचिंग का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने शासनादेश जारी कर दिया है।
राज्य सरकार ने एससी-एसटी परिवार के विद्यार्थियों के लिए निशुल्क कोचिंग योजना शुरू की है। अभी तक योजना में पात्रता के लिए परिवार की वार्षिक आय सीमा दो लाख रुपये निर्धारित थी। इस शर्त से कई परिवारों के विद्यार्थियों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था। अब सरकार ने कोचिंग योजना की पात्रता के लिए परिवार की वार्षिक आय सीमा दो लाख से बढ़ाकर आठ लाख करने का शासनादेश जारी किया है।