आप पार्टी के वरिष्ठ नेता व दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया त्रिवेंद्र सरकार के पांच कामों पर खुली बहस करने के लिए तीन जनवरी को देहरादून पहुंचेंगे। उन्होंने चार जनवरी को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में त्रिवेंद्र मॉडल पर चर्चा में भाग लेने के लिए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक से आग्रह किया है।
मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया कि उत्तराखंड में त्रिवेंद्र सरकार की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और रोजगार के क्षेत्र में किए पांच कामों पर खुली बहस के लिए तीन जनवरी को दून आऊंगा । चार जनवरी को आईआरटीडी ऑडिटोरियम में उत्तराखंड सरकार के विकास मॉडल पर चर्चा के लिए भी मौजूद रहूंगा।
उन्होंने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक को चर्चा में भाग लेने का आग्रह किया है। छह जनवरी को दिल्ली में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को केजरीवाल मॉडल के बारे में बताऊंगा। सिसोदिया ने कहा कि कैबिनेट मंत्री निमंत्रण से पीछे नहीं हटेंगे और छह जनवरी को दिल्ली में मेेरे साथ सभी विषयों पर चर्चा के लिए समय निकालेंगे।
बता दें कि हाल ही में उत्तराखंड दौरे पर आए दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के पांच काम के सवाल पर उत्तराखंड में सियासत गरमाई हुई थी। एक ओर, मनीष सिसोदिया ने इस मुद्दे पर बहस के लिए जगह और समय बताने को कहा था, तो दूसरी ओर शासकीय प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दिल्ली या उत्तराखंड में आमने-सामने बैठकर जवाब देने की बात कही थी।
मंत्री कौशिक ने कहा था कि हमारी सरकार ने जनहित में पांच नहीं 500 से ज्यादा योजनाएं शुरू कीं। इन सभी योजनाओं पर बहस करने के लिए दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया चाहे तो यहां आ जाएं या फिर हमें दिल्ली बुला लें। हम हर सवाल का जवाब देंगे।
इसके बाद मनीष सिसोदिया ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी और रोजगार के मुद्दे पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के खुली बहस के निमंत्रण को स्वीकार किया था। साथ ही ट्वीट कर बहस के लिए आने का आग्रह भी किया था।