उत्तराखंड के सतपुली पोखड़ा ब्लॉक के पट्टी कोलागाड़ के चार गांवों में अज्ञात बीमारी से गत 15 दिन के अंदर 56 बकरियों की मौत हो गई है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं पशुपालकों की ओर से प्रशासन को समय पर सूचना न मिलने से कई अन्य पशुपालकों की बकरियां भी बीमारी की चपेट में आ गई हैं। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के निर्देश पर राजस्व एवं पशुपालन विभाग की टीम गांव पहुंच गई है।
राजस्व उपनिरीक्षक वेद प्रकाश पटवाल ने बताया कि पोखड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत गडरी कोला के बरसुंडखाल निवासी दिलबर सिंह की 32, ग्राम पंचायत सल्ड के ग्राम बरसुंड के वीरेंद्र सिंह की आठ, ग्राम पंचायत कुणज के बगर तोक के सोहन कुंडलिया की 11 और धामीधार तोक के हर्षवर्धन सिंह की पांच बकरियों समेत कुल 56 बकरियों की दो सप्ताह के भीतर अज्ञात बीमारी से मौत हो गई, जबकि क्षेत्र के अनेक पशुपालकों की दर्जनों बकरियां इस बीमारी की चपेट में आ गई हैं।
क्षेत्रवासियों ने इस मामले में क्षेत्रीय विधायक एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के पीआरओ को मामले की सूचना दी। पीआरओ ने मंत्री को पूरा घटनाक्रम बताया। मंत्री ने पौड़ी जिला प्रशासन और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को जानकारी देते हुए प्रभावित गांवों का दौरा करने के निर्देश दिए। सोमवार को पशुपालन और राजस्व विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचीं। जहां अन्य बकरियों की जांच कर दवाइयां दी जा रही हैं। मृत बकरियों का मंगलवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पशुपालकों ने टीम को बताया कि बीमारी में बकरियां पहले बुरी तरह से कांप रही हैं। उसके बाद नाक से पानी निकल रहा है और थोड़ी देर बाद उनकी मौत हो रही है।