इस बीच पता चला कि कसान वेश बदलकर अलीगढ़ में रह रहा है। करीब सात दिन पहले एसटीएफ की एक टीम को अलीगढ़ भेजा गया। टीम ने शनिवार शाम को कसान को गिरफ्तार कर लिया। कसान ने बताया कि वह आरएमएस टेक्नोसॉल्यूशन कंपनी में पेपर पैकिंग, न्यूमेरिक टाइपिंग और प्रिंटिंग मशीन का काम करता था। उसकी कंपनी में ही काम करने वाले रुपेंद्र जायसवाल से अच्छे संबंध थे। रुपेंद्र का दोस्त सादिक मूसा था। कसान ने एसटीएफ को बताया कि फरवरी 2022 में उसकी बहन की शादी होने वाली थी।
इसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी। तब सादिक मूसा ने उसे पेपर लीक कराने के संबंध में बताया। दिसंबर 2021 में पांच लाख रुपये लेकर उसने पेपर पैकिंग के दौरान एक पेपर अपने कपड़ों में रख लिया। इसके बाद उसे सादिक मूसा को दे दिया। जब उसे पता चला कि मामले की जांच हो रही तो वह भाग गया। इस दरम्यान वह देश के कई हिस्सों में वेश बदलकर रहा।
कुल हुई 62 गिरफ्तारी
एसएसपी ने बताया कि एसटीएफ चार मुकदमों की विवेचना कर रही थी। इनमें कुल 62 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ ने स्नातक स्तरीय परीक्षा में 47, वन दरोगा भर्ती परीक्षा में आठ, सचिवालय रक्षक परीक्षा धांधली में और ग्राम पंचायत अधिकारी चयन परीक्षा में हुई धांधली में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।