प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद कुमाऊं के तीन नगर निगमों में मेयर पद के लिए 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इनमें हल्द्वानी में 9, रुद्रपुर में 8 और काशीपुर में 3 प्रत्याशी मेयर पद की दौड़ में हैं। पालिका और नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए कुमाऊं भर में 225 प्रत्याशी मैदान में हैं। निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में पार्षदों और सभासदों के लिए 1884 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
पिथौरागढ़ जिले में अध्यक्ष पद के 27 और सभासद के 151 प्रत्याशी मैदान में हैं। चंपावत जिले में अध्यक्ष पद पर कुल 25 जबकि सभासद पद के लिए 96 प्रत्याशी जोरआजमाइश करेंगे। अल्मोड़ा जिले में अध्यक्ष पद के लिए 30 और सभासद के लिए 104 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। बागेश्वर जिले में अध्यक्ष पद के लिए 15 तो सभासद के लिए 49 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इसी तरह ऊधमसिंह नगर में नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 93 तो सभासदों के लिए 689 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
18 नवंबर को होने वाले नगर निकाय चुनाव में किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों को 29 अक्टूबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। आयोग के मुताबिक चुनाव चिह्न आवंटन का कार्य सुबह 10 बजे से शुरू होगा।