देहरादून के प्रेमनगर थाने में ब्लैकमेलिंग कर एक करोड़ रुपये वसूलने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित के शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि पहले बिजनेस में पार्टनरशिप के नाम पर धोखाधड़ी की गई। इसके बाद एक महिला के एक्सीडेेंट के नाम पर लाखों रुपये वसूले गए।
प्रेमनगर थानाध्यक्ष धनराज सिंह बिष्ट के अनुसार विधौली निवासी एक व्यक्ति का आरोप है कि उसका फालतू लाइन दर्शनलाल चौक पर व्यावसायिक बिल्डिंग है। इससे वह अपना निजी ऑफिस चलाता है। इस दौरान उसकी मुलाकात सुशील छाबड़ा से हुई। उसकी साईं कम्युनिकेशन के नाम से मोबाइल की दुकान थी। पीड़ित के मुताबिक सुशील कुमार से जान पहचान बढ़ने पर अपना मोबाइल सर्विस व रिपेयर करवाने लगा।
इसी बीच आरोपी ने उसके फोन में एक एप डाउनलोड कर दिया। इससे वह उसे ट्रैक करता रहा। इसी दौरान सुशील ने फूड आउटलेट खोलने के लिए 10 लाख रुपये मांगे और 60 प्रतिशत प्रॉफिट देने की बात कही। इसके बाद एक लाख रुपये और मांगे जो ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसी दौरान उसने दिल्ली निवासी राकेश छाबड़ा से मुलाकात करवाई। बताया कि राकेश दिल्ली में एक बड़ा प्रॉपर्टी डीलर है। वह उसकी जमीन को अच्छे दामों में बिकवा देगा।
राकेश ने उसे मोबाइल का बिजनेस करने की सलाह दी और दिल्ली से सस्ता माल दिलाने की बात कही। साथ ही दिल्ली से अनुभवी महिला स्टॉफ भेजने का भी आश्वासन दिया। पीड़ित के मुताबिक इसी बीच आरोपी राकेश ने महिला का फोन नंबर दे दिया। जिससे पर उसकी बात होने लगी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने षड़यंत्र रचकर महिला और उसकी बहन को देहरादून भेजने की बात कही। जिस दिन भेजने की बात कही, उसी दिन बताया कि महिला की बहन और ड्राइवर की एक्सीडेंट में मौत हो गई है।
महिला भी जख्मी है और अस्पताल में भर्ती है। कहा कि एक्सीडेंट से पहले उसकी बात महिला से हुई थी। इसलिए दोनों ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पुलिस उसे ढूंढ रही है। इसके बाद महिला की मौत के एवज में पैसे दिलाने और इलाज के साथ ही पुलिस के सेटिंग करने और जमीनों के खरीद फरोख्त के नाम पर करीब एक करोड़ 20 लाख रुपये हड़प लिए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।