विकासनगर के लक्ष्मीपुर निवासी सौरभ हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या दो सगे भाइयों ने की थी। मृतक द्वारा आरोपियों के परिवार की एक महिला के बारे में टिप्पणी करने पर दोनों ने गुस्से में आकर गला घोटकर हत्या कर दी थी। कोतवाली में हत्याकांड का खुलासा करते हुए सीओ विरेंद्र दत्त उनियाल ने बताया कि बीती 12 जून की रात पुलिस को सूचना मिली कि गुडरिच चाय बागान में एक अज्ञात शव पड़ा है।
सूचना पर कोतवाल प्रदीप बिष्ट पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे। चाय बागान मे पड़े मृतक के शव की पहचान सौरव (23) उर्फ सागर पुत्र राजकुमार निवासी लक्ष्मीपुर थाना सहसपुर के रूप में हुई। मृतक सौरव के भाई रोहित की लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली विकासनगर में धारा 302 आईपीसी के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। सर्विलांस की मदद ली गई। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जिसमें कंचन और कमरेज नाम के दो लोगों के नाम प्रकाश में आए। जिस पर आरोपी कंचन निवासी ग्राम तारकपुर लालबाग थाना बोरपुर जिला मुर्शिदाबाद पश्चिमी बंगाल हाल किरायेदार मुकेश कुमार निवासी गुडरिच विकासनगर को गिरफ्तार किया गया। उसने पूछताछ में बताया कि वह मूल रूप से पश्चिमी बंगाल का रहने वाला हैं।
यहां पर अपने भाइयों, भाभी व मां के साथ रहता है। कुछ समय पूर्व उसकी जान पहचान सौरव उर्फ सागर से हो गई थी। घटना वाले दिन सागर उसके कमरे पर दिन में शराब लेकर आया, जो उसने दोनों भाइयों के साथ बैठ कर पी। फिर सागर घर चला गया। रात्रि करीब 10:00 बजे के आसपास वह फिर शराब लेकर उनके कमरे में पहुंचा। तब दोनों भाई सागर की मोटर साइकिल पर बैठ कर चाय बागान पहुंचे और शराब पीने लगे। इस बीच सागर द्वारा उनके पारिवारिक महिला पर टिप्पणी की गई। जिससे गुस्सें में आकर दोनों भाइयों ने सौरभ उर्फ सागर को लात-घूसों व मुक्कों से मार कर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। किसी के टॉर्च की रोशनी दिखाने पर दोनों वहां से भाग गए। अरोपी कंचन की निशानदेही पर उसके घर से घटना के समय पहने कपड़े, जिन पर मृतक का खून लगा था बरामद किए गए। दूूसरे आरोपी कमरेज की पुलिस तलाश कर रही है।