मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ जुड़ें। भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र की वर्चुअल रैली के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीबों के मसीहा है। कोविड काल में उन्होंने बीस लाख करोड़ रुपये का पैकेज घोषित किया, जिससे गरीबों का कल्याण होगा।
उन्होंने कहा कि इस समय पूरा देश विषम परिस्थितियों में है। हमारा राज्य भी इससे अछूता नहीं है। प्रधानमंत्री ने इस संकट को अवसर के रूप में बदलने के लिए पैकेज दिया। इससे पहले उज्जवला योजना के तहत हर गरीब को रसोई गैस देने का काम किया। हर गरीब को अपना घर देने देने का प्रयास किया जा रहा है। आयुषमान योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच दिया है।
प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि हमारी स्वतंत्रता तभी पूर्ण मानी जाएगी जब विकास की पंक्ति में आखिरी व्यक्ति तक योजना का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि देश की मजबूती के लिए सीमाएं सुरक्षित रहनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने सेना के जवानों के हाथ खुले छोड़े हैं।
सर्जिकल स्ट्राइक की बात हो या फिर चीन की घुसपैठ की बात हो प्रधानमंत्री की नीति के कारण विरोधी मुल्कों को मुंह की खानी पड़ी। मेक इन इंडिया के तहत हथियारों के मामले में आत्मनिर्भर होने की दिशा में बढ़ रहे हैं। भारत मजबूत हो रहा है, इसलिए पड़ोसी मुल्कों को परेशानी हो रही है। चीन बौखलाहट में है कि देश की सीमाओं तक सड़क कैसे बन गई। अब चीन समझ गया है कि भारत में घुसपैठ की तो करारा जवाब मिलेगा। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। सैनिकों के खून की एक एक बूंद की कीमत विरोधी देशों को चुकानी होगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा कि गांव के लिए एक रुपया भेजते हैं लेकिन 15 पैसे पहुंचते हैं। इस समस्या का समाधान प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल इंडिया से किया। अब केंद्र से एक रुपया निकलता है तो सीधा ग्राम पंचायत पहुंचता है। किसानों, मजदूरों, गरीबों के बैंक खाते में पहुंच रहे हैं। बिचौलियों को समाप्त कर दिया गया है। सरकार भ्रष्टाचार से मुक्त है।
प्रदेश में एक भी भ्रष्टाचार का मामला नहीं आया है। हमने जनता से वायदा किया था कि भ्रष्टाचार मुक्त शासन देंगे। डेढ़ सौ भ्रष्टाचारियों को जेल के पीछे पहुंचाया है। दृष्टिपत्र के 85 प्रतिशत वायदे पूरे किये हैं। कोविड की रोकथाम में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रदेश में लौटे प्रवासियों के लिए स्वरोजगार की योजनाएं शुरू की हैं।