ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह खबर कतई राहत देने वाली नहीं है। ठंड के मौसम में ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को कंबल और चादर की सुविधा जल्द मिलेगी इसकी उम्मीद बेहद कम नजर आ रही है।
रेलवे अधिकारियों की मानें तो कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए फिलहाल यात्रियों को कंबल और चद्दर मुहैया कराने का मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। हालांकि इस संबंध में रेलवे का कोई भी अधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। वहीं यात्रियों का कहना है कि जब पूरा किराया वसूला जा रहा है तो रेलवे को कंबल और चादर जैसी तमाम चीजें मुहैया करानी चाहिए । ताकि यात्रियों को ठंड से बचाया जा सके।
कंबल, चादर, तकिया की खरीदारी भी कर ली गई
बता दें कि पिछले दिनों रेलवे बोर्ड ने सभी महाप्रबंधकों को पत्र लिखकर हिदायत राय दी थी कि जिन स्टेशनों से ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है वहां कंबल, चादर समेत तमाम बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली जाए। रेलवे बोर्ड के इस आदेश के बाद उम्मीद जगी थी कि ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही वातानुकूलित कोच में कंबल, चादर, तकिया समेत तमाम चीजें मिलेंगी।
इतना ही नहीं रेलवे बोर्ड के निर्देश पर तमाम स्टेशनों पर कंबल, चादर, तकिया की खरीदारी भी कर ली गई। साथ ही जो पुराने कंबल, चादर, तकिया थे उनको ड्राई क्लीन भी करवा लिया गया। लेकिन स्थानीय अधिकारी इंतजार करते रहें कि रेलवे बोर्ड की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए जाएगा कि यात्रियों को कंबल,चादर तकिया मुहैया कराई जाए।
फिलहाल इस संबंध में अब तक कोई आदेश नहीं जारी किया गया है। दूसरी ओर नाम न छापने की शर्त पर रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि जिस तरीके से देश के तमाम राज्यों में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है उसे देखते हुए रेलवे बोर्ड ने इस पर विचार विमर्श करना फिलहाल छोड़ दिया है। वातानुकूलित कोच में कंबल और चादर की तकिया नहीं होने से यात्रियों को ठंड के मौसम में गर्म कपड़े पहनने के साथ ही अपने स्तर पर कंबल और चादर के साथ यात्रा करनी पड़ रही है।