डेंगू इलाज में लापरवाही पर अस्पतालों पर होगी सख्त कार्रवाई
डेंगू मरीजों के इलाज में लापरवाही पाई जाने पर अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने आदेश जारी कर सभी जिलों के डीएम और सीएमओ को टीमें बनाकर नियमित रूप से अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाएं और भर्ती मरीजों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में लगातार डेंगू मरीज बढ़ रहे हैं। अस्पतालों से एलाइजा जांच रिपोर्ट समय पर न मिलने, प्लेटलेट्स के अधिक पैसे वसूलने, बेड न मिलने की शिकायत मिल रही है। इस पर शासन ने कड़ा संज्ञान लिया है। स्वास्थ्य सचिव ने डीएम और सीएमओ को आदेश जारी कर लापरवाही बरतने वाले अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। सचिव ने कहा कि डेंगू मरीजों के इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग ने स्टैंडर्ड क्लीनिकल एडवाइजरी जारी की है। इसका सभी अस्पतालों में पालन किया जाए।
सचिव ने निर्देश दिए कि डीएम और सीएमओ अपने स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर नियमित रूप से सरकारी व निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया जाए। जिसमें अस्पतालों में डेंगू मरीजों के इलाज पर निगरानी रखी जाए। यदि इलाज में किसी तरह की लापरवाही बरतने पर अस्पताल के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करें।