राज्य में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ऋषिकेश में इस बार गंगा नौकायन उत्सव राष्ट्रीय स्तर पर होगा। कोविड-19 महामारी के कारण फेस्टिवल का आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं हो पाएगा। 17 से 19 फरवरी तक आयोजित होने वाले फेस्टिवल का शुभारंभ विधायक रितू खंडूड़ी करेंगी। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सहयोग से एडवेंचर स्पोर्ट्स सोसायटी फेस्टिवल की मेजबानी करेगा।
पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने बताया कि गंगा नौकायन फेस्टिवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाता है लेकिन इस साल कोरोना के कारण यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद लगातार प्रयासरत हैं।
कोविड-19 के बाद पर्यटन को पटरी पर लाने लिए धीरे-धीरे प्रदेश के प्रत्येक जिले में साहसिक खेलों का आयोजन किया जा रहा हैं। उन्होंने आयोजकों को कोविड से बचाव के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए, सभी प्रतियोगिताऐं आयोजित करने के निर्देश दिए।
भीम सिंह एडवेंचर स्पोर्ट्स सोसाइटी के अध्यक्ष ने बताया कि तीन दिवसीय गंगा नौकायन फेस्टिवल रैपिड गोल्फ कोर्स फुलचट्टी ऋषिकेश में 17 फरवरी से 19 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। तीन दिवसीय गंगा नौकायन फेस्टिवल में स्प्रिंट, बोटर क्रॉस, जाइंट स्लैलम, मास बोटर क्रॉस आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
जिसमें पुरुष व महिला वर्ग के दोनों प्रतियोगी भाग लेंगे। फेस्टिवल में प्रतिभाग करने वाले प्रतियोगी 10 फरवरी से वेबसाइट gangakayakfestival.org.in पर पंजीकरण कर सकते हैं। आनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 14 फरवरी तक खुली रहेगी।