उत्तराखंड में दो बार टिहरी के जिला पंचायत अध्यक्ष रहे रतन सिंह गुनसोला (85) का निधन हो गया। वे कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार रात को देहरादून के एक प्राइवेट अस्पताल में उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और पुत्री का भरापूरा परिवार छोड़ गए। उनके निधन पर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने दुख जताया। स्व. गुनसोला ने 1959 में इंजीनियरिंग में डिप्लोमा और 1973 में बीटेक किया था।
जाखणीधार ब्लॉक के मैराब गांव निवासी इंजीनियर रतन सिंह गुनसोला का जन्म जनवरी 1936 में हुआ था। शुरू से ही कुशाग्र बुद्धि के गुनसोला ने इंजीनियरिंग करने के बाद वन, लोनिवि और सिंचाई विभागों में 33 वर्षों तक सेवाएं दीं। वह शुरू से ही उत्तराखंड में छोटी-छोटी जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण के पक्षधर थे। रन ऑफ द रिवर के तहत बिजली और सिंचाई से रोजगार के हमेशा ही हिमायती रहे। उनका मानना था कि उत्तराखंड की नदियों में 35-40 हजार मेगावॉट बिजली बनाए जाने की संभावना है। 1995 में उन्होंने भिलंगना ब्लॉक के चानी बूढ़ाकेदार में गुनसोला हाईड्रोपॉवर जल विद्युत परियोजना की शुरुआत की थी। वह उत्तराखंड के पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने पहाड़ में जल विद्युत परियोजना बनाई।
वर्तमान में इस परियोजना से तीन मेगावॉट बिजली उत्पादन हो रहा है। इसके अलावा पोखार-बूढ़ाकेदार में 9 मेगावाट की गुनसोला भारत हाइड्रो पावर परियोजना निर्माणाधीन हैं। रतन सिंह गुनसोला भाजपा से 1996 से 2002 और 2008 से 2013 तक दो बार टिहरी जिला पंचायत के अध्यक्ष रहे। वह सप्ताहभर से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार रात को उनकी तबीयत खराब हुई और देहरादून के मैक्स अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली।
शनिवार को हरिद्वार में उनके पुत्र राजेंद्र गुनसोला और राजेश गुनसोला ने मुखाग्नि दी। उनके निधन पर जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, टिहरी विधायक डा. धन सिंह नेगी, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, पूर्व मंत्री दिनेश धनै, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, कांग्रेस राकेश राणा, जाखणीधार ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी, पूर्व प्रमुख बेबी असवाल, जगदंबा रतूड़ी, जिला पंचायत सदस्य विनोद बिष्ट, शांति प्रसाद भट्ट, रविंद्र सेमवाल, रागिनी भट्ट, जिला पंचायत कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष जसपाल रावत, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष परमवीर पंवार, भाजपा जिला महामंत्री गोविंद रावत, देवेंद्र गुनसोला, दीपेंद्र अमोला, ईश्वर सिंह कंडवाल, सतीश बिजल्वाण, रवि रावत, सब्बल सिंह रावत, उदय रावत और राजेंद्र डोभाल आदि ने शोक जताया।
सीएम ने जताया शोक
गुनसोला के निधन पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी शोक जताया। उन्होंने ट्वीटर पर पोस्ट करते हुए लिखा 'उत्तराखण्ड के ऊर्जा पुरुष कहे जाने वाले रतन सिंह गुनसोला के निधन का दुखद समाचार मिला। दो बार टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष रहे गुनसोला को छोटी जल विद्युत परियोजनाओं का जनक माना जाता है। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।'