मन की बात कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिव्य, भव्य और सुरक्षित कुंभ के आयोजन का जिक्र किया, लेकिन प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों को लेकर विशेष कुछ नहीं कहा। एसएमजेएन कॉलेज में रविवार को मन की बात का लाइव प्रसारण देख रहे कुंभनगरी के व्यापारियों में इससे निराशा जरूर हुई, लेकिन व्यापारियों का मानना है कि प्रधानमंत्री के कुंभ की चर्चा करने से देशभर के श्रद्धालुओं में एक सकारात्मक संदेश गया है। जिसका लाभ व्यापारियों को जरूर मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने देशभर के श्रद्धालुओं को हरिद्वार में दिव्य और भव्य कुम्भ के आयोजन का संदेश दिया है। निश्चित तौर पर श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचेंगे। व्यापारियों को इससे जरूर राहत मिलेगी।
-सुरेश गुलाटी, जिलाध्यक्ष, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल
प्रधानमंत्री ने संदेश दिया है कि केंद्र और प्रदेश सरकार दिव्य, भव्य और सुरक्षित कुम्भ के आयोजन के लिए संकल्पबद्ध है। प्रधानमंत्री के संदेश से देशभर के लोगों में जागरूकता का संचार होगा। श्रद्धालु बड़ी संख्या में कुम्भ स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचेंगे। इसके साथ हरिद्वार में यात्री आधारित व्यापार एक बार फिर पटरी पर लौटेगा।
-ओमप्रकाश जमदग्नि, वरिष्ठ व्यापारी नेता
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान हरिद्वार के व्यापारियों का कोई जिक्र नहीं किया। कोरोना काल में दोहरी मार झेल रहा व्यापारी, होटल और टूर एण्ड ट्रेवल्स व्यवसायी सरकार की ओर टकटकी लगाकर देख रहा है। कुम्भ में श्रद्धलुओं के आगमन पर बाध्यता जारी रही तो व्यापारियों को बड़ा नुकसान होना तय है।
- संजीव नैयर, महामंत्री, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल
प्रधानमंत्री ने दिव्य, भव्य और सुरक्षित कुम्भ के आयोजन का संदेश दे दिया है। अब ये प्रदेश सरकार और प्रशासन का काम है कि वे व्यापारियों, होटल और टूर एण्ड ट्रेवल्स व्यवसायियों के हित को देखते हुए व्यवस्था तैयार करे। व्यापारियों और व्यवसायियों को सरकार से बड़ी उम्मीद है।
- प्रदीप कालरा, महामंत्री, शहर व्यापार मण्डल