दीपावली व कपाट बंद होने के लिए केदारनाथ मंदिर को भव्य रूप से सजाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन व देवस्थानम बोर्ड द्वारा जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से सरोबार करने के साथ ही 10 कुंतल से अधिक फूलों से सजाया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर व मंदिर के चारों तरफ घी के दीए जलाए जाएंगे। साथ ही मंदिर परिसर के मध्य में भव्य रंगोली भी बनाई जाएगी। मंदिर को रंग-बिरंगे झालर से भी सुशोभित किया जाएगा।
विभागों से आपसी समन्वय बनाने को कहा
प्रधानमंत्री केदारनाथ भ्रमण के दौरान दूसरे चरण के पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। साथ ही आदिगुरु शंकराचार्य के समाधिस्थल का लोकार्पण भी करेंगे। इसके लिए डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी को संबंधित विभागों से समयबद्ध तैयारी पूरी करने को कहा है। साथ ही कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विभागों के बीच आपसी समन्वय को बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए कंट्रोंल रूम से पुलिस के साथ निरंतर संवाद पर जोर दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले निशंक, भेंट की पुस्तक
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री व हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट कर उन्हें स्वरचित पुस्तक 'धरती का स्वर्ग उत्तराखंड' भेंट की। इस दौरान निशंक ने नई शिक्षा नीति और अन्य विषयों पर पीएम मोदी से चर्चा की।: प्रधानमंत्री मोदी ने उनके स्वास्थ्य की कुशल क्षेम भी पूछी। निशंक ने एम्स में भर्ती रहते हुए प्रधानमंत्री द्वारा लगातार उनके स्वास्थ्य की चिंता करने तथा उनके हौसले को बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री का आभार ब्यक्त किया।