प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का बेहतर क्रियान्वयन करने वाले देशभर में चयनित सर्वश्रेष्ठ निकायों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से ऑनलाइन पुरस्कार दिए। इसके तहत दिनेशपुर नगर पंचायत को प्रथम पुरस्कार दिया गया। बता दें कि उत्तराखंड में तीन निकायों विकासनगर, गौचर और अगस्त्यमुनि में श्रेष्ठ निर्माण पर पुरस्कार दिया गया।
कलक्ट्रेट सभागार में ऑनलाइन पुरस्कार कार्यक्रम में डीएम रंजना राजगुरु, नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा सरकार और ईओ संजय कुमार ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने चयनित नगर निकाय को बधाई देते हुए कहा कि दिनेशपुर नगर पंचायत ने बेहतर कार्य करके दिखाया, जिसके लिए उन्हें प्रथम पुरस्कार दिया जा रहा है। आगे भी और अधिक बेहतर कार्य करने की जरूरत है। सरकार की मंशा योजना के माध्यम से आवासहीन निर्धन लोगों को आवास मुहैया कराना है।
डीएम ने पुरस्कार के लिए अध्यक्ष, ईओ और पंचायत की पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही कहा कि पुरस्कार मिलने के बाद नगर नगर पंचायत की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। इस गरिमा को बनाए रखने के लिए और अधिक कार्य करने की जरूरत है। नगर पंचायत दिनेशपुर की इस सफलता पर अन्य नगर निकायों को भी प्रेरणा लेकर बेहतर कार्य करने की आवश्यकता है ताकि आने वाले समय में नगर पालिका, नगर पंचायत एवं नगर निगम को पुरस्कार मिल सके। नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा ने बताया कि उनकी टीम की ओर से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से किया जा रहा है।
उपलब्धि : 1219 का चयन, 157 आवास बनकर तैयार
ईओ संजय कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1219 लाभार्थियों का चयन हुआ था। इसमें से 157 आवास पूर्ण निर्माण कर लिए गए हैं। इसके अलावा 452 आवासों का छत तक निर्माण, 580 आवासों का डोर लेवल तक निर्माण और 31 आवासों में बुनियादी स्तर तक निर्माण कार्य चल रहा है।