कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए कुमाऊं विश्वविद्यालय की 17 अप्रैल से होने वाली सभी सेमेस्टर परीक्षाओं को आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। वर्तमान में संचालित समस्त प्रायोगिक, मौखिक, डिजर्टेशन परीक्षाओं को भी स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
शुक्रवार को विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति की ऑनलाइन बैठक में यह निर्णय लिया गया। कुलपति प्रो. एनके जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि 19 अप्रैल से समस्त कक्षाओं की आगामी सम सेमेस्टर की ऑनलाइन कक्षाएं शुरू होंगी।
ऑनलाइन कक्षाओं के सुचारु रूप से संचालन किए जाने का दायित्व विवि के परिसरों के निदेशक, संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों और विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों, संस्थानों के प्राचार्यों का होगा।
छात्रों का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारे लिए अहम है, इसलिए कोविड महामारी की स्थिति की समीक्षा करने के पश्चात परीक्षा की नई तिथियों के संबंध में फैसला लिया जाएगा।
- प्रो. एनके जोशी, कुलपति कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल।