पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के दौरे में होने वाली बैठकों के संयोजक भी तय कर दिए हैं। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष 20 अगस्त को सुबह10 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट उतरेंगे। मुख्यमंत्री , मंत्री व प्रदेश महामंत्री उनका स्वागत करेंगे।
भानियावाला, छिद्दरवाला, नेपाली फार्म, रायवाला, कार्यक्रम स्थल तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। पहले दिन नड्डा दो बजे से 3.30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों व मोर्चे के प्रदेश अध्यक्षों व महामंत्रियों की बैठक लेंगे। इसका संयोजन प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी करेंगे। उसके बाद सभी सांसदों व विधायकों की बैठक लेंगे। इसका संयोजन कुलदीप कुमार करेंगे।
मंत्रियों व विभिन्न समितियों के साथ होने वाली बैठक का संयोजक सुरेश भट्ट होंगे। रात्रि में नड्डा प्रदेश टोली के साथ भी बैठेंगे। 21 अगस्त को नड्डा रायवाला में पूर्व सैनिकों से संवाद एवं सैनिक सम्मान कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इसके बाद वह प्रदेश भर के भाजपा के निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्षों, मेयर, ब्लॉक प्रमुख नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्षों व बीडीसी के अध्यक्षों की बैठक लेंगे। फिर कोर ग्रुप की बैठक होगी। कार्यक्रम अंतिम सत्र में साधु संतों का अभिनंदन एवं आशीर्वाद कार्यक्रम रखा गया है। उनका डॉ. भीम राव आंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण, विचार परिवार के साथ बैठक एवं इकाई अध्यक्ष के आवास पर जलपान का कार्यक्रम भी होगा।