देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस और देहरादून-उज्जैन एक्सप्रेस का संचालन एक दिसंबर से 28 फरवरी तक बंद रहेगा। रेलवे बोर्ड की ओर से आने वाले समय में संभावित कोहरे को देखते हुए इन ट्रेनों के संचालन पर रोक लगा दी है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस का संचालन बंद होने से जहां मुरादाबाद, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़ होते हुए वाराणसी जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, वहीं उज्जैन एक्सप्रेस का संचालन बंद होने से नई दिल्ली, मथुरा, आगरा, ग्वालियर, झांसी होते हुए उज्जैन जाने वाले यात्रियों को परेशानियां उठानी पड़ेंगी। स्टेशन अधीक्षक सीताराम शंकर ने बताया कि जनता एक्सप्रेस और उज्जैनी एक्सप्रेस का संचालन एक दिसंबर से लेकर 28 फरवरी तक बंद रहेगा। इस संबंध में रेलवे बोर्ड की ओर से आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
बता दें कि ठंड शुरू होते ही उत्तर भारत के तमाम राज्यों में कोहरे का प्रकोप बढ़ जाता है। ऐसे में ट्रेनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा भी रहता है। इसको देखते हुए रेलवे बोर्ड की ओर से अलग-अलग जोन और रेल मंडलों में ट्रेनों के संचालन पर रोक लगा दी जाती है।