उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि जब एक सीएम को हटाया जाता है तो लोगों के लिए सवाल उठाना स्वाभाविक है।
When a CM is removed, it's natural for people to raise questions. But it's the responsibility of every party worker to abide by the party's decisions. When questions are raised, it's the responsibility of the party leadership to answer: Former Uttarakhand CM & BJP leader TS Rawat pic.twitter.com/3iYzUa3cJZ
आठ मार्च को बुलाया गया दिल्ली
आठ मार्च को त्रिवेंद्र सिंह रावत को भाजपा नेतृत्व ने दिल्ली बुलाया था। दिल्ली में उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। नौ मार्च को त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून लौटकर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को इस्तीफा सौंप दिया था। 10 मार्च को भाजपा विधायक दल की बैठक में तीरथ सिंह रावत को नया नेता चुना गया था।
मध्य सत्र में जो हुआ था, वो मुझे कुछ अच्छा नहीं लगा : त्रिवेंद्र
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि विधानसभा सत्र के मध्य में जो भी हुआ था, एक क्षण के लिए वह उन्हें कुछ अच्छा नहीं लगा। लेकिन पार्टी का सिपाही होने के नाते हाईकमान के निर्णय को उन्होंने शिरोधार्य लिया।
त्रिवेंद्र अपने डिफेंस कालोनी स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सोशल मीडिया में मुख्यमंत्री के पद से हटाए जाने के फैसले को गलत बताए जाने से संबंधित बयान से उन्होंने असहमति प्रकट की। उन्होंने कहा कि उनके बयान के अलग निहितार्थ निकाले गए। त्रिवेंद्र ने सफाई दी कि मुझसे यह सवाल पूछा गया था कि जब मध्य सत्र में आपको हटाया गया तो क्या आपको खराब नहीं लगा। मेरा जवाब था कि हां, थोड़ा सा अच्छा नहीं लगा जब मध्य सत्र में यह सबकुछ हुआ। स्वाभाविक रूप से जब सत्र चल रहा हो, तो ऐसा होना अच्छा नहीं है।
पार्टी के सिपाही के नाते मैं यह कहना चाहूंगा कि पार्टी ने जो भी निर्णय लिया, मैंने उसको हमेशा शिरोधार्य किया है। पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी, उसको अच्छी तरीके से निभाने की कोशिश की। जितना मैं समझ सकता हूं, मैंने अपनी ओर से अच्छा करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जब एक सीएम को हटाया जाता है तो स्वाभाविक है कि लोग सवाल उठाते हैं, लेकिन पार्टी के हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह पार्टी के फैसले का पालन करे। जब सवाल उठाए जाते हैं तो जवाब पार्टी नेतृत्व की जिम्मेदारी होती है।