जड़ी बूटी शोध एवं विकास संस्थान(एचआरडीआई) ने हिमालयी क्षेत्रों में पाई जाने वाली सैकड़ों जड़ी बूटी में चुनिंदा हर्बल से एक खास चाय बनाई है। मार्निंग टी की चुस्की शरीर को ऊर्जा देने के साथ ही अच्छी सुगंध और स्वाद मन को प्रसन्न करती है। जबकि नाइट हर्बल पीने से अच्छी नींद आएगी। जबकि इवनिंग हर्बल चाय से ऑफिस या अधिक काम की थकान और तनाव को दूर कर सकते हैं।
खाने का हर्बल नमक भी तैयार कर रहा संस्थान
एचआरडीआई की ओर से जड़ी बूटी और चट्टानी नमक से तीन तरह के हर्बल नमक, इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए पंच प्राश भी तैयार किया जा रहा है। इसका प्रयोगशाला परीक्षण चल रहा है। टेस्टिंग के बाद जल्द ही हर्बल नमक व पंच प्राश को बाजार में उतारा जाएगा।
ये हैं हर्बल चाय
एचआरडीआई ने मार्निंग, इवनिंग, नाइट हर्बल टी, क्वीन, किंग, एंटीएजिंग सीबकथ्रोन हर्बल टी तैयार की है। नाइट हर्बल टी में वसा व कैलोरी की मात्रा कम होती है। जिससे नींद अच्छी आती है। सुबह की चाय प्राकृतिक जड़ी बूटी, स्वीटनर और सुगंध से ताजगी व ऊर्जा देती है। क्वीन हर्बल टी में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा कम होने से वजन कम करती है। किंग हर्बल टी में एंटी ऑक्सीडेंट होने से प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है। इवनिंग हर्बल टी से तनाव व थकान दूर होती है।