गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने बेडू पाको बारामासा... गीत गाना शुरू किया, तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके साथ सुर देने लगे। मुख्यमंत्री को गाना गाता सुन पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मौका था राज्य स्थापना दिवस की संध्या पर आयोजित कार्यक्रम का।
गीत-संगीत से सजी स्थापना दिवस की शाम
हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम में मंगलवार को आयोजित राज्य स्थापना दिवस की शाम गीत-संगीत से सजी। एक डिजिटल रेडियो की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कोई भी काम करो उसमें नंबर वन हो जाओ।
राज्य को नंबर वन बनाने की कोशिश है। जब हमारा राज्य 25 वर्ष का होगा तो इसका पूरा विकास हो चुका होगा और हमारा राज्य नंबर वन होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री घोषणाओं को लेकर कहा कि उन्होंने वे जो घोषणाएं कर रहे हैं, उन्हें पूरा भी करते हैं।
इस दौरान सीएम ने गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी से गाना गाने की फरमाइश की, जिस पर नेगी दा बेडु पाको गाना गाना शुरू किया। नेगी दान के गाना शुरू करने पर मुख्यमंत्री उनके साथ गीत गाने लगे, जिससे पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके बाद जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में समां बांधा।
इस मौके पर प्रह्लाद मेहरा, नैन नाथ रावल, संजय पांडे, लता तिवारी पांडे, रेशमा शाह, कैलाश कुमार, मेघना चंद्रा, संकल्प खेतवाल, पूरन सिंह राठौर, किशन महिपाल और टीम घुघूती जागर ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर उत्तराखंड के ऑर्गेनिक पहाड़ी व्यंजनों का भी लुत्फ लोगों ने उठाया। कार्यक्रम में मोनिका सोलंकी, आरजे काव्य, आरजे ईशानी, आरजे तरुणी आदि मौजूद रहीं।