पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी के छड़ायल नयाबाद में पूर्व मंत्री यशपाल आर्या के बैंक्वेट हाल के गोदाम में रविवार की सुबह आग लग गई। आग से फाइबर, लकड़ी, क्राकरी सहित लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने आग को काबू में किया।
छड़ायल नयाबाद में रिया पैलेस के पीछे बैंक्वेट हाल के गोदाम में रविवार की सुबह करीब दस बजे गोदाम से अचानक धुआं उठने लगा। पैलेस के कर्मचारी प्रकाश, कमल, आकाश और विकास दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। आग विकराल होने पर कर्मचारियों ने पूर्व मंत्री यशपाल आर्या और फायर ब्रिगेड को अवगत कराया।
सूचना मिलने पर मुखानी पुलिस और फायर स्टेशन अधिकारी एमपी सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग की टीम ने तीन गाड़ियों की मदद से आग को काबू में कर लिया। इस दौरान गोदाम में रखे कपड़े, गेट और मंच सजावट के सामान, फर्नीचर, वर्तन टेबल, कुर्सियां सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। पता चला कि गोदाम में मुरादाबाद का ठेकेदार गुड्डू शादी और कैटरिंग का सामान रखता था। वह पूर्व मंत्री का इसका किराया देता था।