उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के सीज हुए खाते में जो भी पैसा आएगा, वह सीधे ईपीएफओ के पास जाएगा। ईपीएफओ ने पिछले सप्ताह चार करोड़ 81 लाख रुपये पीएफ जमा न कराने पर यूपीसीएल का पीएफ खाता सीज कर दिया गया था।
दरअसल, लगातार ईपीएफओ की ओर से चेताने के बाद भी यूपीसीएल के स्तर से पीएफ जमा कराने के मामले में लापरवाही बरती जा रही थी। तत्कालीन पीएफ कमिश्नर मनोज कुमार यादव ने देहरादून और आसपास के दफ्तरों का असेसमेंट किया था।
असेसमेंट में उन्होंने पाया कि वर्ष 2013 से 2016 के बीच यूपीसीएल के ठेकेदारों ने पीएफ का पैसा ही जमा नहीं कराया है। उन्होंने यूपीसीएल पर चार करोड़ 81 लाख रुपये बकाया पकड़ा था।
पिछले सप्ताह ईपीएफओ के नए कमिश्नर विश्वजीत सागर के निर्देशों के बाद ईपीएफओ ने यूपीसीएल का खाता सीज कर दिया था। इस खाते में उस वक्त एक करोड़ रुपये थे। अब इस खाते में जो भी पैसा जमा होगा, वह ईपीएफओ के कब्जे में रहेगा।