कृषि कानूनों को समाप्त करने की मांग को लेकर गुरुवार को किसान यूनियन तोमर के सदस्य ट्रैक्टर में सवार होकर डीएम कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। हालांकि सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान से बातचीत के बाद उन्होंने धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा।
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज देहरादून में
वहीं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर तीन दिनी उत्तराखंड प्रवास पर आज देहरादून पहुंच रहे हैं। 16 जुलाई को देहरादून के सहसपुर, हरबर्टपुर, विकासनगर में उनका स्वागत होगा।
इसके बाद वे कोटी कनेसर चकराता में हरेला पर्व पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और प्रगतिशील किसानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसी शाम को उनका मुख्यमंत्री और राज्यपाल से मुलाकात का कार्यक्रम है।
17 जुलाई को चाहर छिद्दरवाला श्यामपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे और भाजपा जिला कार्यालय हरिद्वार में पत्रकार वार्ता करेंगे। इसके बाद वे प्रदेश और जिला स्तरीय पदाधिकारियों से संवाद करेंगे।