आयुष मंत्रालय, पतंजलि योगपीठ और अन्य संस्थानों के संयुक्त प्रयास से मकर संक्रांति व आजादी के अमृत महोत्सव पर्व के उपलक्ष्य में सूर्य नमस्कार किया गया। इसमें पतंजलि योगपीठ, क्रीड़ा भारती नेशनल योगासन स्पोर्ट्स फेडरेशन, गीता परिवार एवं हार्ट फुलनेस संस्थान के योग साधकों ने पंजीकरण कराया था।
सुबह सात बजे से कार्यक्रम में ऑनलाइन भागीदारी की गई। एक करोड़ से अधिक प्रतिभागियों ने 13 बार सूर्य नमस्कार करके एक ही दिन में 10 करोड़ से अधिक सूर्य नमस्कार के अभ्यास का विश्व कीर्तिमान बनाया है।
इस महाअभियान का उद्घाटन केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल एवं योगऋषि स्वामी रामदेव ने 13 बार सूर्य नमस्कार का अभ्यास करके किया। श्री श्री रविशंकर, जग्गी वासुदेव, डॉ. नागेंद्र, आचार्य बालकृष्ण, माता हंसा जयदेव, वैद्य राजेश कोटेजा आयुष सचिव दिल्ली, राष्ट्रीय आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य कार्यक्रम से जुड़े।
संकलन पुस्तिका का अनावरण
पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा ट्रेडिशनल आयुर्वेदिक मेडिसिन पर क्लीनिकल एवं एनिमल ट्रायल करने के बाद रिसर्च अनुसंधान विश्व के प्रतिष्ठित साइंटिफिक जर्नल्स में रिसर्च पेपर के रूप में प्रकाशित हुए हैं। उसकी संकलन पुस्तिका का भी अनावरण स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, साध्वी आचार्या देवप्रिया, डॉ. जयदीप आर्य, राकेश, डॉ. अनुराग वार्ष्णेय, स्वामी परमार्थ देव ने किया।