मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, संचार, विधि एवं न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद से भेंट की। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को बताया कि उत्तराखंड में स्टेट लेड मॉडल के तहत भारत नेट फेज-2 परियोजना की सैद्धांतिक स्वीकृति पूर्व में प्राप्त हो चुकी है।
उन्होंने परियोजना की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने राज्य में ‘इंडिया एंटरप्राइजेज आर्किटेक्चर परियोजना’ की स्वीकृति प्रदान करने का भी अनुरोध किया। इससे कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि विभागों की कार्य प्रणाली के कम्प्यूटरीकरण में मदद मिल सकेगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने एफटीएससीएस के गठन एवं इनके संचालन के लिए वांछित धनराशि उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से राज्य के 10 जनपदों के लिए 78 नोटरी पदों के सृजन पर सहमति प्रदान करने के साथ ही नैनीताल के लिए चार नोटरी पदों के सृजन के लिए भेजे गए प्रस्ताव को अनुमोदित करने का भी अनुरोध किया।