मीडिया से बनाई दूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार के गरुड़ दौरे के साथ ही रविवार के बागेश्वर भ्रमण में भर्ती घोटालों का कोई जिक्र नहीं किया। सीएम ने गरुड़ के बाद बागेश्वर में भी पत्रकारों से दूरी बनाए रखी। कार्यक्रम समाप्ति के बाद मीडिया कर्मी सीएम से बातचीत के लिए आगे बढ़े लेकिन, मुख्यमंत्री धामी बगैर पत्रकारों से बात किए आगे बढ़ गए। गरुड़ के डंगोली में शनिवार की रात सीएम से वार्ता करने जा रहे मीडिया कर्मियों से सीएम के सुरक्षा कर्मियों ने धक्कामुक्की तक की।
बागेश्वर में धनाढ्य लोगों की कमी नहीं
रोडवेज डिपो के उद्घाटन के मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बागेश्वर में धनाढ्य लोगों की कोई कमी नहीं है। बागेश्वर में एक साल के भीतर 1444 वाहनों का पंजीकरण हुआ। बागेश्वर में हर महीने 150 लोग वाहनों का पंजीकरण करा रहे हैं।
बागनाथ गली में चखा जलेबी का स्वाद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागनाथ मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लोकार्पण से लौटते समय कपकोट के विधायक सुरेश गढ़िया के साथ बागनाथ गली में जलेबी का स्वाद चखा।
विभिन्न संगठनों ने सौंपे ज्ञापन
-पर्वतीय कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हीरा बल्लभ भट्ट, महासचिव संजय नेगी के नेतृत्व में ठेकेदारों ने रॉयल्टी में पांच गुना की बढ़ोत्तरी को वापस लेने की मांग की। पर्वतीय क्षेत्रों में रॉयल्टी दर के 50 प्रतिशत देय को लागू करने और देयकों में खनिज फाउंडेशन न्यास के लिए काटी जा रही 25 प्रतिशत की रॉयल्टी को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की।
-प्राधिकरण हटाओ मोर्चा के अध्यक्ष प्रमोद मेहता ने जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण और बागेश्वर महायोजना 2031 को पूर्ण रूप से निरस्त करने की मांग की।
- कोविड उपनल कर्मचारियों ने तत्काल नियुक्ति देने और भविष्य में स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों में समायोजन करने की मांग की।
-बागेश्वर-टनकपुर रेल निर्माण संघर्ष समिति ने रेल लाइन की सर्वे का कार्य पूरा कर जल्द रेल लाइन का निर्माण कराने की मांग की। -पुरानी पेंशन बहाली मोर्चा के गरुड़ ब्लॉक अध्यक्ष हरेंद्र सिंह रावल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने एक अक्तूबर 2005 से लागू नई पेंशन प्रणाली को निरस्त कर पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की। -माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कैलाश अंडोला के नेतृत्व में शिक्षकों ने ने सीएम को ज्ञापन देकर अशासकीय विद्यालयों में भी शासकीय स्कूलों की भांति निशुल्क पुस्तकें और अन्य सुविधाएं देने समेत 16 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
-वरिष्ठ नागरिक कल्याण न्यास के पदाधिकारियों ने जिले में स्थानीय उत्पादों पर आधारित उद्योगों के लिए सिडकुल की स्थापना करने की मांग की।
-उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारियों ने जिले में नशा मुक्ति केंद्र खोलने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया।