प्रदेश में कोविड 19 के चलते सरकार ने अब तक स्कूलों को महज ट्यूशन फीस लेने के आदेश किए थे, लेकिन अब नए आदेश में स्कूलों को पूरी फीस लेने का अधिकार दिया गया है। शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम के मुताबिक इस संबंध में विभाग की ओर से कोर्ट में जवाब दाखिल किया गया है।
शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम के मुताबिक हाईकोर्ट के आदेश के बाद बोर्ड के छात्र-छात्राओं से पूरी फीस लेने संबंधित आदेश जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि जब से स्कूल खुले हैं तभी से स्कूल बच्चों से पूरी फीस ले सकेंगे। लेकिन फीस के लिए किसी अभिभावक पर दबाव नहीं बनाया जाएगा। इसके अलावा अन्य कक्षाओं के बच्चों से जिन्हें ऑनलाइन पढ़ाया जा रहा है उनसे टयूशन फीस के अलावा किसी तरह की कोई अन्य फीस नहीं ली जा सकेगी।
स्कूल कब से खुलेंगे, अभी तय नहीं : सुंदरम
शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि प्रदेश में स्कूल कब से खुलेंगे अभी इस पर कुछ भी कह पाना जल्दबाजी होगी। इस पर प्रदेश सरकार के स्तर से सामूहिक निर्णय लिया जाना है। प्रदेश में कोविड 19 के चलते मार्च 2020 से स्कूल बंद चल रहे हैं।
हालांकि 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए दो नवंबर 2020 से स्कूल खुल गए हैं। लेकिन अन्य छात्र-छात्राओं की पढ़ाई अब भी ऑनलाइन चल रही है। अब स्कूल खुलने के मसले पर जल्द कोई निर्णय नहीं लिया गया तो ऑनलाइन गृह परीक्षा और मूल्यांकन पर भी विचार किया जा सकता है। शिक्षा सचिव के मुताबिक स्कूल खुलने के मसले पर जल्द कोई सामूहिक निर्णय लिया जाएगा।