ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर पंचपुलिया (कर्णप्रयाग) में बाधित सड़क 14 घंटे बाद शुक्रवार सुबह पांच बजे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दी गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास (एनएचआईडीसीएल) की ओर से रातभर मशीनों से सड़क पर आई चट्टानों को तोड़कर जेसीबी से हटाया गया। इस दौरान स्थानीय वाहन पोखरी मार्ग होते हुए अपने गंतव्यों को चले गए थे, जबकि बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा पर आए श्रद्धालु रातभर सड़क खुलने का इंतजार करते रहे।
हालांकि रात में यात्रियों के कई वाहन पोखरी मार्ग होते हुए चले गए थे, जो वाहन वहां रुके रहे, वे भी शुक्रवार सुबह पांच बजे अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो गए हैं। हाईवे बृहस्पतिवार को अपराह्न तीन बजे पहाड़ी से चट्टान दरकने से बंद हो गया था। कर्णप्रयाग के एसडीएम संतोष कुमार पांडे ने कहा कि प्रशासन व पुलिस की ओर से यात्रियों के लिए पानी सहित जरूरी सामान उपलब्ध करवाया गया। सुबह सभी वाहन अपने गंतव्यों को चले गए हैं।