करीब चार महीने पहले जूनियर नेशनल में नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करने वालीं अंकिता ध्यानी सड़क और खेतों में दौड़कर ओलंपिक क्वालिफाइंग की तैयारी कर रही हैं।
विज्ञापन
राज्य एथलेटिक्स संघ ने अंकिता को रायपुर स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रैक्टिस के लिए सिंथेटिक ट्रैक पर अनुमति देने के लिए मंत्री से लेकर अधिकारियों तक से गुहार लगाई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
राज्य में खेलों और खिलाड़ियों को लेकर सिस्टम कितना लापरवाह है, अंकिता की स्थिति को देखकर इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। अंकिता ने पिछले दो वर्षों के दौरान 1500 मीटर और पांच हजार मीटर की स्पर्द्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने फरवरी 2021 में गुवाहाटी में हुए जूनियर नेशनल में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
विज्ञापन
जनवरी 2021 में भोपाल में आयोजित जूनियर फेडरेशन कप और जनवरी 2020 में गुवाहाटी में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भी अंकिता ने नए मीट रिकॉर्ड के साथ दो-दो स्वर्ण पदक जीते। अंकिता को जूनियर लेवल पर बेहद प्रतिभावान खिलाड़ी माना जा रहा है।
राज्य एथलेटिक्स संघ के सचिव केजेएस कलसी ने बताया कि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 25 से 29 जून तक एनआईएस पटियाला में 60वीं नेशनल इंटर स्टेट एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
यह अगस्त में टोक्यो, जापान में होने वाले ओलंपिक क्वालिफाइंग भी है। यहां बेहतर प्रदर्शन करने पर खिलाड़ियों को ओलंपिक में हिस्सा लेने का मौका मिल सकता है। उन्होंने कहा कि अंकिता दून पहुंच गई हैं, लेकिन अभी तक प्रैक्टिस की व्यवस्था नहीं हो पाई है।