मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज शुक्रवार को गोपेश्वर जिला अस्पताल में सिलिंडर फटने से झुलसे मरीजों से मिलने पहुंचे। इस दौरान डॉक्टरों ने अधिक झुलसे मरीजों को हायर सेंटर रेफर करने की बात कही। इस पर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने तीन गंभीर मरीजों को एयर एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल देहरादून भेजने पर चर्चा की। इन्हीं मरीजों को हेलीकॉप्टर से भेजने के साथ ही एयर एंबुलेंस सेवा के शुभारंभ की योजना भी बनाई गई।
राज्य में एयर एंबुलेंस सेवा शुरू करने का शासनादेश पूर्व में जारी हो गया था, जबकि इसका राज्य में विधिवत शुभारंभ नहीं हो पाया था। शुक्रवार को गोपेश्वर अस्पताल में भर्ती मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जाना था, जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर गोपेश्वर पुलिस मैदान में एयर एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर एयर एंबुलेंस का विधिवत शुभारंभ किया गया। एयर एंबुलेंस सेवा को लेकर शासन से एसओपी भी जारी कर दी गई है।
- हिमांशु खुराना, डीएम, चमोली।