फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा विधायक चुफाल के बाद अब विधायक काऊ अफसरशाही से नाराज, राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखा पत्र

Thu, 03 Sep 2020 09:53 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
उमेश शर्मा 'काऊ' - फोटो : file photo
विज्ञापन

अफसरशाही से नाराज डीडीहाट के भाजपा विधायक बिशन सिंह चुफाल के बाद अब रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ की नाराजगी सामने आई है। काऊ ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात का समय मांगा है। नड्डा से मिल कर वह अपनी व्यथा बयान करना चाहते हैं। उनका यह पत्र लीक हो गया है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। काऊ ने नड्डा को पत्र लिखे जाने की पुष्टि की है। लेकिन साथ यह भी कहा है कि यह उनके घर का मामला है। 

विज्ञापन


नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा अफवाह, आपदा पीड़ितों के पुनर्वास का मामला लेकर गया था दिल्ली : भाजपा विधायक चुफाल

नड्डा को लिखे पत्र में काऊ ने रायपुर चुनाव क्षेत्र में विकास कार्य अवरुद्ध होने की शिकायत की है। लिखा है कि उनके चुनाव क्षेत्र के 24 वार्ड नगर निगम क्षेत्र में शामिल हो गए। इन वार्डों में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। जबकि नगर निगम में मिलाए जाने से पूर्व यहां नाबार्ड से विकास कार्य हो रहे थे। आंतरिक सड़कों की मरम्मत का कार्य नहीं हो रहा है। लोनिवि को भी रखरखाव व मरम्मत कार्य से वंचित कर दिया गया है। 
विज्ञापन


विधानसभा की उपेक्षा के संबंध में केंद्रीय संगठन ने शहरी विकास मंत्री को रायपुर विकास कार्यों को गति देने को निर्देशित किया था। लेकिन उनके निर्देश के बावजूद शासन स्तर पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शहरी विकास मंत्री से बार बार योजनाएं स्वीकृत करने का निवेदन किया गया।

सरकार व मंत्री के निरंतर निर्देशों के बावजूद आज तक आवास एवं विकास विभाग, लोनिवि, ऊर्जा विभाग व पेयजल विभाग ने कोई विकास कार्य नहीं किए। न ही चयनित की गई योजनाओं को मंजूरी दी। कोरोना महामारी के कारण विधायक निधि भी सरकार को सौंपी जा चुकी है। इससे विकास कार्य करने में कठिनाई हो रही है। पत्र का आखिर में मजमून यह है कि काऊ कार्यकर्ताओं की पीड़ा व क्षेत्र की उपेक्षा से बहुत आहत हैं और पार्टी के संरक्षक होने के नाते नड्डा से समय चाहते हैं ताकि वह अपनी व्यथा सुना सकें।   

Trending Videos
विज्ञापन

मैंने तो अपने परिवार में लिखा है...

रायपुर विधायक मुझसे मिले थे। उन्होंने पेयजल, ऊर्जा, लोनिवि व अन्य विभागों की समस्याओं पर चर्चा की थी। मैंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया था। ऊर्जा विभाग और पेयजल विभाग ने उन्हें बताया था कि काम किए गए हैं। - मदन कौशिक, शहरी विकास एवं आवास मंत्री

मैंने तो अपने परिवार में लिखा है। आपको पत्र कैसे मिला? मैंने अपने परिवार को लिखा है, इसे मीडिया में नहीं लिखा। मैंने अपने संरक्षक व अपने मुखिया से समय मांगा है। - उमेश शर्मा काऊ, भाजपा विधायक, रायपुर

अपने लोगों से नाराजगी नहीं होती: चुफाल

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व अन्य केंद्रीय नेताओं से दिल्ली में मुलाकात करने के बाद डीडीहाट के भाजपा विधायक बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि उनकी सरकार से कोई नाराजगी नहीं है। अपने लोगों से कोई नाराजगी नहीं होती।

चुफाल के मुताबिक, नड्डा से मुलाकात के बाद उन्होंने प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू व अन्य केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। चुनाव क्षेत्र में जो जनता से वादे किए थे, वो पूरे नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे मुख्यमंत्री से बात करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें