जीरो टॉलसेंस ऑन करप्शन से कोई समझौता नहीं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऑनलाइन वन दरोगा भर्ती की जांच के लिए पुलिस महानिदेशक को निर्देशित किया गया है। डीजीपी ने उक्त प्रकरण की जांच एसटीएफ को सौंपी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस ऑन करप्शन की नीति से कोई समझौता नहीं करेगी। कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश के ईमानदार और परिश्रमी युवाओं के साथ हमारी सरकार अन्याय नहीं होने देगी। सभी नौजवानों और नागरिकों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है राज्य सरकार उनकी आशाओं और अपेक्षाओं के अनुसार इन सभी मामलों में कड़ी कार्रवाई करेगी।
कोई पेपर लीक के बारे में सोच भी नहीं सकेगा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हम इससे आगे के लिए भी एक नजीर बनाना चाहते हैं, जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृति न हो। क्योंकि हमें अपने बेटे-बेटियों के आज और कल की चिंता है। उनके वर्तमान एवं भविष्य का सवाल है। हमें प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं का ऐसा सिस्टम बनाना होगा, ताकि भविष्य में कोई इस तरह का कृत्य करने की सोच भी न सके।
नौ सितंबर को होगी मंत्रिमंडल की बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में नौ सितंबर को मंत्रिमंडल की बैठक होगी, जिसमें चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। सचिवालय के विश्वकर्मा भवन स्थित वीरचंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में होने वाली कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवा नियमावली, नीतियों में संशोधन से संबंधित प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है।