भाजपा के वरिष्ठ नेता बंशीधर भगत ने कहा है कि ये सब अफवाह है। हमारे नेता पार्टी के साथ हैं। पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री बनने से कोई विधायक नाखुश नहीं है। बंशीधर भगत ने कहा, सब पार्टी के सिपाही हैं। एक युवा सीएम मिलना हमारा सौभाग्य है।
नए सीएम के नेतृत्व में 2022 का विस चुनाव जीतेंगे : धन सिंह
उच्च शिक्षा मंत्री व भाजपा विधायक धन सिंह रावत ने कहा कि मैं खुद सीएम की दौड़ में था। जब मैं नाराज नहीं तो नाराजगी की बात अफवाह है। सभी एकजुट हैं। हम नए सीएम के नेतृत्व में 2022 का विस चुनाव जीतेंगे।
पार्टी हाई कमान का निर्णय सर्वोपरि
वहीं पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाने के बाद आ रही असंतोष की खबरों के बीच विधायक राजकुमार ठुकराल बोले कि नाराजगी होना गलत। पार्टी हाई कमान का निर्णय सर्वोपरि है।
खटीमा से भाजपा के युवा विधायक पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री होंगे। चुनावी साल में भाजपा ने युवा चेहरे पर दांव खेला है। 45 वर्षीय धामी छात्र जीवन से राजनीति में सक्रिय हैं।
धामी के नाम की घोषणा करके भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने एक बार फिर सियासी पंडितों को चौंका दिया। मुख्यमंत्री की दौड़ में गिने जाने वाले दिग्गज नेता सतपाल महाराज, त्रिवेंद्र सिंह रावत, धनसिंह रावत समेत कई बड़े नाम निर्णायक क्षण में पिछड़ गए।
शनिवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की अध्यक्षता में हुई भाजपा विधायक मंडल दल की बैठक में 45 वर्षीय धामी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया।
पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और भाजपा अध्यक्ष कौशिक ने धामी के नाम का प्रस्ताव किया। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ नेता सतपाल महाराज, बंशीधर भगत, हरबंस कपूर, रेखा आर्य और ऋतु खंडूड़ी ने उनके नाम का अनुमोदन किया।