लगातार हो रही बारिश के कारण रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग पर अचानक भूस्खलन हो गया। रास्ते पर मलबा आने से हाईवे बंदहो गया है। वहीं, तोताघाटी व इसके आस-पास अन्य जगहों पर भी बोल्डर और मलवा आने से बंद बदरीनाथ हाईवे दोपहर 12 बजे खोल दिया गया। वहीं, देवप्रयाग के पास हाईवे बंद हो गया। उधर, गौला बैराज में नदी उफान पर आ गई। वहीं, टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग में हनुमानचट्टी के पास तीसरे दिन भी नहीं खुल पाया।
सीएम का केदारनाथ दौरा रद्द
प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर अतिवृष्टि व आपदा को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आज केदारनाथ व रुद्रप्रयाग का दौरा रद्द कर दिया गया है। मुख्यमंत्री आज सचिवालय में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और जिलाधिकारियों के साथ दोपहर 12 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में अतिवृष्टि और आपदा प्रबंधन की समीक्षा करेंगे। बैठक में लोनिवि, स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, ऊर्जा, सिंचाई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
मलबे और पेड़ की चपेट में आने से बच्चे की मौत
पौड़ी की तहसील चाकीसैंण में गदेरा(नाला) पार करते समय मालबे और पेड़ की चपेट में आने से 12 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई है। तहसील प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार चोली टल्ली गांव के आठ बच्चे तारा कुंड ट्रेक पर गए थे। वापस लौटते समय कांडा में गदेरा पैदल पार करते हुए गौरव रावत पुत्र भगत सिंह उम्र 12 साल निवासी स्योली पेड़ की चपेट में आ गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी पाबो में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार को बारिश से प्रेमनगर घाट के सामने बने शहीद भगत सिंह घाट की दीवार गिर गई। दीवार गिरने से कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घाट के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घाट का निर्माण इसी वर्ष हुए कुंभ के दौरान हुआ है।
हरिद्वार में बीते तीन दिन से बारिश हो रही थी। बारिश के चलते हरकी पैड़ी को छोड़कर बाकी घाटों पर श्रद्धालु नहीं जा रहे हैं। आमतौर पर प्रेमनगर पुल के शहीद भगत सिंह घाट पर श्रद्धालु स्नान करते हैं। मंगलवार को जिस वक्त घाट की दीवार गिरी, वहां कोई श्रद्धालु नहीं था। जिससे बड़ा हादसा बच गया। घाट की करीब बीस फीट दीवार भरभराकर गिरी है। दीवार की की चपेट में आने से श्रद्धालुओं के बैठने के लिए लगाई गई बैंच टूटी है।
मेला प्रशासन की ओर से घाट का निर्माण यूपी सिंचाई विभाग की ओर से कराया गया है। यूपी सिंचाई विभाग के एसडीओ शिव कुमार कौशिक का कहना है कि निर्माण उनकी ओर से नहीं कराया है। घाट की दीवार गिरने की जानकारी जरूर मिली है। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी की पूर्व जिलाध्यक्ष हेमा भंडारी और महानगर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील सेठी ने कुंभ के दौरान हुए कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करते हुए जांच कराने की मांग की है। नेताओं का कहना है कि कुंभ के दौरान बनाई गई सड़कों पर बारिश में गड्ढे हो गए हैं।