इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा को भाजपा नेता हरजीत सिंह की कार से जौलीग्रांट भिजवाया गया। बाद में कार को मिनी ट्रक बुलाकर रस्से बांधकर बाहर निकलवाया गया। दूसरी तरफ आंधी से जिले में जगह-जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। बिजली की लाइनें टूटने से कई इलाकों की बिजली गुल हो गई।
रुड़की शहर में मलकपुर चुंगी के पास छज्जा गिरने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बुधवार दोपहर तक जिले में मौसम सामान्य था। पिछले दिनों की तरह चटक धूप थी और लोग गर्मी से परेशान थे। शाम को करीब चार बजे अचानक आसमान में बादल छाए और तेज हवाएं चलने लगी।
देखते ही देखते हवाओं ने अंधड़ का रूप ले लिया। अंधड़ ने किसी को संभलने का मौका नहीं दिया। जो जहां था वहीं रुक गया। आंधी से हरिद्वार और रुड़की में कई जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। बिजली की लाइनों पर भी पेड़ गिर गए। शहर से लेकर देहात तक बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ी। रुड़की क्षेत्र के देहात में कई जगह गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। आम की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। आंधी थमने के बाद पूरे जिले में झमाझम बारिश हुई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।