मां पूर्णागिरि धाम मंदिर समिति ने पांच माह से बंद धाम के कपाट शारदीय नवरात्रों में खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। मंदिर समिति दर्शन की व्यवस्था को लेकर प्रशासन से वार्ता कर रणनीति बनाएगी।
हर साल पितृ पक्ष के समापन के अगले दिन से शारदीय नवरात्र शुरू होते थे, लेकिन इस बार नवरात्र पितृ पक्ष के समापन के एक महीने बाद यानी 17 अक्तूबर से शुरू होंगे। मंदिर समिति अध्यक्ष और धाम के प्रमुख पुजारी पं. भुवन चंद्र पांडेय के मुताबिक इस बार पितृपक्ष (श्राद्ध) 17 सितंबर को खत्म होंगे, जिसके अगले दिन से अधिमास लगने से पितृ पक्ष और शारदीय नवरात्र के बीच एक माह का अंतर आ रहा है। ऐसे में अधिमास खत्म होने के बाद शारदीय नवरात्र 17 अक्तूबर से शुरू होंगे।
उन्होंने बताया कि मंदिर समिति शारदीय नवरात्र में दर्शन के लिए धाम के कपाट खोलने की तैयारी कर रही है, ताकि नवरात्रों में श्रद्धालु देवी दर्शन का लाभ उठा सकें। कहा कि इसके लिए प्रशासन के साथ वार्ता कर दर्शन की व्यवस्था की रणनीति तय की जाएगी।
बता दें कि कोरोना के चलते गत 18 मार्च से धाम के कपाट बंद है। होली के अगले दिन से लगने वाला मेला भी इस बार छह दिन बाद ही रद्द करना पड़ा था। एसडीएम दयानंद सरस्वती का कहना है कि सरकार ने धार्मिक स्थलों को खोलने की इजाजत दे दी है। मां पूर्णागिरि धाम के कपाट भी मंदिर समिति चाहे तो शारदीय नवरात्र में खोल सकती है, लेकिन तब की स्थिति के अनुरूप ही दर्शन के नियमों का निर्धारण किया जाएगा।