कोरोना संक्रमण के आधार पर प्रदेश के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जनपद में कुल 18 कंटेनमेंट जोन हैं। यहां पर लॉकडाउन 3.0 में पूर्व की तरह से सभी गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा।
देहरादून जनपद में भगत सिंह कालोनी, कारगी ग्रांट, झबरावाला, केशवपुरी बस्ती, मुस्लिम कालोनी, कच्ची कालोनी, आजाद नगर कालोनी, बीस बीघा कालोनी, शिवा एनक्लेव कंटेनमेंट जोन में है। जबकि हरिद्वार जनपद में गैंडीखाता, ज्वालापुर, पनियाला, नागला, मलकपुरा, मानक माजरा, बादरपुर, नैनीताल जनपद में बनभूलपुरा और ऊधमसिंह नगर जनपद में बाजपुर के राजीव नगर वार्ड नंबर 13 कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित हैं।
ऋषिकेश में चौदह बीघा शहीद सूर्य प्रकाश थपलियाल स्मृति द्वार पर पार्षदों की ओर से तोड़े गए बैरिकेडिंग को मुनिकीरेती थाना पुलिस ने दोबारा लगा दिया है। अब यहां आवाजाही करने वाले लोगों का मुनिकीरेती पुलिस पास बनाएगी। इसके बाद ही यहां बैरिकेडिंग पर आवाजाही हो सकेगी।
बीते शुक्रवार शाम टिहरी जिले में लोगों के अनावश्यक प्रवेश पर रोक लगाने के लिए प्रशासन के निर्देश पर मुनिकीरेती पुलिस ने चौदह बीघा पुरानी चुंगी के पास मुजफ्फरनगर कांड के शहीद सूर्य प्रकाश थपलियाल स्मृति द्वार पर बैरिकेडिंग लगाया था। शनिवार सुबह को नगर निगम के पार्षदों मनीष शर्मा, शकुंतला शर्मा, देवेंद्र प्रजापति ने अपने करीब एक दर्जन सहयोगियों की सहायता से इस बैरिकेडिंग को ध्वस्त कर दिया था।
इस पर सेक्टर अधिकारी संजय बिष्ट ने मुनिकीरेती थाने में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने पार्षदों सहित एक दर्जन लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज किया था। वहीं थाना क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते बैरिकेडिंग तोड़े जाने के मामले को मुनिकीरेती थाना प्रभारी ने संज्ञान में लिया और स्वयं मोर्चा संभाला। इसके तहत वह रविवार बैरिकेडिंग के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों से वार्ता करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बताया कि आवश्यक सेवाओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग से आवाजाही करने के लिए पुलिस की ओर से पास बनाए जाएंगे।
इसके बाद ही बैरिकेडिंग से आवाजाही हो सकेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के प्रवेश को रोकने के लिए मुख्य मार्गों समेत समस्त प्रवेश करने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाए जाने अति आवश्यक है। इससे बेवजह ढालवाला, चौदह बीघा और मुनिकीरेेती क्षेत्रों में प्रवेश करने वाले लोगों पर अंकुश लगाया जा सकेगा। बताया कि इसके बाद लक्ष्मणझूला और बाईपास मार्ग पर लगे बैरिकेडिंग से ही थाना मुनिकीरेती क्षेत्र में प्रवेश किया जा सकेगा। साथ ही थर्मल स्क्रीनिंग के बिना किसी को प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।