लेवल-एक में कोविड केयर सेंटर(सीसीसी), लेवल-दो में समर्पित कोविड हेल्थ केयर सेंटर (डीसीसीएच) और लेवल-तीन में कोविड अस्पताल(डीसीएच) होंगे। सीसीसी जिला प्रशासन के अधीन होंगे, जहां पर सामान्य लक्षण वाले मरीज को चिकित्सा सुविधा दी जाएगी।
जबकि कोविड हेल्थ केयर सेंटर और कोविड अस्पताल स्वास्थ्य विभाग के अधीन रहेंगे। हेल्थ केयर सेंटर में हर बेड में ऑक्सीजन की सुविधा रहेगी, जबकि कोविड अस्पताल में आईसीयू और वेंटिलेटर की सुविधा रहेगी। कोरोना संक्रमित मरीज का इलाज कोविड अस्पताल में ही किया जाएगा।
कुमाऊं मंडल के लिए
लेवल-एक कोविड केयर सेंटर के लिए अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधमसिंह नगर एवं नैनीताल के अंतर्गत आने वाले विश्राम गृह व अन्य सरकारी भवनों का इस्तेमाल किया जाएगा। इन जनपदों में कोविड हेल्थ केयर सेंटर के रूप में बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा, जिला चिकित्सालय चंपावत, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर और मेडिकल कालेज हल्द्वानी चिह्नित किए गए हैं। कोविड अस्पताल में राजकीय मेडिकल कालेज हल्द्वानी शामिल है।
गढ़वाल मंडल के लिए
देहरादून, चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी, हरिद्वार में कोविड केयर सेंटर के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम के विश्राम गृह और सरकारी भवनों का इस्तेेमाल जिला प्रशासन के माध्यम से किया जाएगा। कोविड हेल्थ केयर सेंटर के लिए चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी के जिला चिकित्सालय, एसपीएस चिकित्सालय ऋषिकेश, उप जिला चिकित्सालय कोटद्वार, मेला अस्पताल हरिद्वार, मेडिकल कालेज श्रीनगर को चिह्नित किया गया। जबकि कोविड अस्पताल में एम्स ऋषिकेश, दून मेडिकल कालेज और श्रीनगर मेडिकल कालेज शामिल किए गए हैं।