काशीपुर में अपने घर परिवार की चिंता छोड़ दूसरों के लिए दिन रात जान जोख़िम में डाल कर दूसरों की जिंदगी बचाने के लिये ड्यूटी पर तैनात पुलिस के जवानों का लोगों ने फूल मालाओं के साथ स्वागत किया।
लोगों ने मालाओं के साथ सड़कों पर तैनात पुलिस कर्मियों की हौसला अफजाई की। पुलिस कर्मियों को माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
कुछ लोगों ने घरों की छत से फूलों की बारिश कर पुलिस कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया। इससे पुलिस कर्मी भाव विभोर हो उठे। मुख्य बाजार सहित कई इलाकों में लोगों ने पुलिस कर्मियों की हौसला अफजाई करते हुए कोरोना फाइटरों को धन्यवाद दिया।
रुद्रपुर में गंगापुर रोड में चार कॉलोनियों सुखडेल, विजयलक्ष्मी, सर्वेश्वरी और बाटा के लोगों ने सड़क के दोनों तरफ खड़े होकर पुलिस कर्मियों पर पुष्प वर्षा की। उन्होंने इस महत्वपूर्ण समय में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को सलाम किया।
इस दौरान पुलिस ज़िंदाबाद के नारे भी लगाए गए। ट्रांजिट कैम्प थाने के एसओ विद्यादत्त जोशी ने सभी लोगों को लॉकडाउन पालन करने और घर पर ही रहने की शपथ दिलाई।
पूर्व सीईओ डॉ. पीएन सिंह ने कहा कि आपदा के समय पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग सहित अनेक विभाग के लोग जान की परवाह किये बगैर दिन रात ड्यूटी कर रहे है। समाज के ऐसे नायकों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन करना जरूरी है।