कुमाऊं में तीन मरीजों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद पुलिस और प्रशासन और अलर्ट हो गया है। होम क्वारंटीन का पालन कराने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जहां ग्राम प्रधानों और पटवारियों को जिम्मा सौंपा गया है, वहीं शहरी क्षेत्रों में यह काम पुलिस के हवाले है। अभी तक अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिला प्रशासन का कहना है कि किसी के भी फालतू घूमने अथवा कोई अन्य तरह की शिकायत सामने आई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रानीखेत क्षेत्र में बीते दिनों देश और विदेश से भी कई लोग अपने गांव पहुंचे थे। यहां विदेश से 17 लोग आए थे, जिनमें से अधिकतर लोगों की क्वारंटीन अवधि खत्म होने की सूचना है। छह से सात लोग अब भी होम क्वारंटीन पर हैं। डॉक्टरों ने बाहर से आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग भी की है।
राहत वाली बात यह है कि होम क्वारंटीन किए गए सभी लोग स्वस्थ बताए जा रहे हैं। वहीं दिल्ली, मुंबई सहित तमाम महानगरों से गांव लौटे लोग भी होम क्वारंटीन पर हैं। पिथौरागढ़ डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि होम क्वारंटीन किए गए लोगों पर नजर रखने के लिए टीम बनाई गई है। वहीं बागेश्वर में होम क्वारंटीन काउल्लंघन करने वाले 24 लोगों के खिलाफ पिछले दिनों पुलिस ने कार्रवाई की थी। डीएम रंजना राजगुरु ने बताया कि ग्राम प्रधानों और पटवारियों को जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही इन पर नजर रखने के लिए टीम भी बनाई गई है।