चार दिसंबर को धर्मनगरी हरिद्वार में मां गंगा का आशीर्वाद लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा देश का दौरा शुरू करेंगे। इसके तहत वह चार दिनों तक उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में प्रवास करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अभी से जुट गए हैं।
सोमवार को जगजीतपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार ने कहा कि चार दिसंबर से राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का देश प्रवास शुरू होने जा रहा है। यह उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं के लिए सौभाग्य की बात है कि उनके प्रवास कार्यक्रम की शुरुआत हरिद्वार से होगी। उन्होंने बताया कि नड्डा चार से सात दिसंबर तक उत्तराखंड में रहेंगे। उनका नौ जगह स्वागत कार्यक्रम होगा। प्रदेश प्रवक्ता विनय रोहिल्ला को कार्यक्रम का संयोजक घोषित किया गया है। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा राष्ट्रीय अध्यक्ष का देवभूमि में आगमन ऐतिहासिक और भव्य होगा।
प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने कहा जिन विधायकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, उनके नेतृत्व शक्ति केंद्र के संयोजक, मंडल पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह और संचालन जिला महामंत्री विकास तिवारी ने किया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सुभाष वर्मा, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर, लक्सर विधायक संजय गुप्ता, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, लक्सर सहकारी बैंक के चेयरमैन प्रदीप चौधरी, पालिका अध्यक्ष अंबरीष गर्ग, दर्जाधारी राकेश राजपूत, डॉ. कल्पना सैनी, डॉ. प्रेमचंद शास्त्री, जिला उपाध्यक्ष अनिल अरोड़ा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री अनु कक्कड़, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष सचिन गुर्जर, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष निपेंद्र चौधरी थे।
इनको सौंपी गई स्वागत की जिम्मेदारी
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और कार्यक्रम के संयोजक विनय रोहिला ने बताया कि चार दिसंबर को नौ स्थानों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा। इनमें नेपाली फार्म पर विधायक प्रदीप बत्रा, सत्यनारायण मंदिर पर विधायक देशराज कर्णवाल, मिडवे रिजॉर्ट पर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, रायवाला पेट्रोल पंप पर विधायक सुरेश राठौर, फ्लाईओवर रायवाला पर विधायक संजय गुप्ता, होटल रिजेंटा पर विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, देव संस्कृति विश्वविद्यालय मुख्यद्वार पर जय भगवान सैनी, सुबोध राकेश, ऋषि पाल बालियान व सप्त ऋषि चुंगी पर विधायक आदेश चौहान स्वागत करेंगे। शांतिकुंज पर स्वागत की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को सौंपी गई है।
मानव श्रृंखला बनाकर कार्यकर्ता करेंगे स्वागत
प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने बताया कि कार्यकर्ता स्वागत कार्यक्रम में मानव श्रृंखला बनाकर खड़े होंगे। सभी के हाथों में पार्टी का ध्वज होगा। कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष पर पुष्प वर्षा भी करेंगे। विभन्नि स्थानों स्वागत बैनर, होर्डिंग और झंडे लगाए जाएंगे।