15 हजार करोड़ के पंप स्टोरेज, धार्मिक स्थलों पर वेंडिंग मशीन लगाएंगे : सज्जन जिंदल
जेएसडब्ल्यूए ग्रुप के एमडी व अध्यक्ष सज्जन जिंदल ने कहा कि राज्य में वह लगातार निवेश करने को प्रतिबद्ध हैं। आगामी पांच से छह साल के भीतर वह राज्य में 1500-1500 मेगावाट क्षमता के करीब 15 हजार करोड़ के प्लांट लगाने जा रहे हैं, जिससे प्रदेश में हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने केदारनाथ में क्लीन केदारनाथ प्रोजेक्ट शुरू किया है, जिसके तहत तीर्थयात्रियों को खाली प्लास्टिक बोतल वेंडिंग मशीन में देने पर 10 रुपये मिल रहे हैं। कहा कि यह प्रोजेक्ट सफल हो गया है। अब दूसरे धार्मिक स्थलों पर भी ये प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा।
राज्य में 10 हजार करोड़ निवेश करेगा पतंजलि
पतंजलि समूह राज्य में 10 हजार करोड़ का निवेश करेगा। योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि उनके इस निवेश से राज्य में 10 हजार नए रोजगार का सृजन होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा तक अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने सभी कंपनियों से आह्वान किया कि वे अपने कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत राज्य में अच्छे स्कूल बनाएं। उन्होंने ये भी कहा कि राज्य की आबोहवा इतनी मुफीद है कि यहां न केवल उद्योग लंबे समय तक चलेंगे बल्कि उन्हें चलाने वाले भी दीर्घायु होंगे। उन्होंने सभी कारपोरेट हाउस से आह्वान किया कि वे अपना एक कॉरपोरेट ऑफिस उत्तराखंड में भी बना लें, इससे उनकी उम्र बढ़ जाएगी। स्वामी रामदेव ने सरकार से मांग की कि देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट को 24 घंटे के लिए खोल दिया जाए। ताकि उद्यमियों को यहां आने-जाने में आसानी हो।
राज्य में चार होटल, पल्प मिल बनाएगा आईटीसी: संजीव पुरी
आईटीसी के एमडी संजीव पुरी ने कहा कि अभी राज्य में उनके नौ होटल हैं। चार और खोले जाएंगे। फूड प्रॉडक्ट का विस्तार करेंगे। राज्य में 4000 करोड़ की लागत से पल्प मिल लगाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जूस, फ्रोजन वेजिटेबल के बिजनेस का और विस्तार करेंगे। तेलंगाना के बद्राचलम की तर्ज पर राज्य में इंटिग्रेटेड पल्प मिल लगाने जा रहे हैं, जिससे बड़ी संख्या में रोजगार सृजन भी होगा। ये पेपर बोर्ड मिल आने वाले समय में तेलंगाना की तरह बड़े स्केल पर काम करेगी।
उत्तराखंड में गुलाब का शरबत बनाकर दुबई तक ले जाएगा रसना
दुनिया के 60 देशों में अपने उत्पाद से पहचान बना चुका रसना ग्रुप अब उत्तराखंड के गुलाब से बने शरबत को दुबई तक ले जाएगा। रसना ग्रुप के चेयरमैन पिरूज खंबाटा ने अमर उजाला से बातचीत में अपनी निवेश प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के उत्पादों को वैश्विक स्तर तक एक पहचान देने का अच्छा मौका है। यहां के किसान गुलाब की खेती को बढ़ावा देंगे तो निश्चित तौर पर हम उनकी आमदनी बढ़ाने वाले साबित होंगे। खंबाटा ने बताया कि वह यहां के गुलाब से रोज शरबत, रोज ऑयल और रोज वाटर बनाकर दुनियाभर में पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि वे यहां की हल्दी, शहद जैसे उत्पादों को भी वैश्विक स्तर तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पिछले 10 साल में राज्य में निवेश बढ़ रहा है। यहां की औद्योगिक नीतियां प्रोत्साहित करने वाली हैं। रसना ग्रुप यहां बड़ा निवेश करने जा रहा है।
इंटिग्रेटेड टाउनशिप बनाएगा बुर्ज खलीफा निर्माण करने वाला एमार ग्रुप
एमार ग्रुप के सीईओ कल्याण चक्रवृत्ति ने राज्य में अर्बन इको सिस्टम के क्षेत्र में काम करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि वह इंटिग्रेटेड इकोनोमिक टाउनशिप तैयार कर रहे हैं। उनकी पहचान बुर्ज खलीफा के निर्माण के तौर पर मानी जाती है। अपने देश व राज्य में भी वह कुछ इसी अंदाज में काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनका ग्लोबल हेडक्वार्टर यूएई में है। आज भारतवासियों के प्रति पूरी दुनिया का नजरिया बदल रहा है। इसका लाभ उद्योगपतियों को भी हो रहा है। उनकी कंपनी के संस्थापक का भारत के प्रति विशेष लगाव है। राज्य में वह बेहतर टाउनशिप की सुविधा देने जा रहे हैं।
हजारों करोड़ खर्च करेगा टीवीएस
टीवीएस सप्लाई चेन साल्यूशन के अध्यक्ष आर दिनेश ने बताया कि उन्होंने राज्य में टायर व ऑटो कंपोनेँट की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाई हुई हैं, जिनसे 3000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है। आने वाले समय में वे इसका विस्तार करने पर 1200 करोड़ खर्च करेंगे, जिससे 7000 और लोगों को रोजगार मिलेगा। वह राज्य में 10 मॉडल कॅरियर सेंटर बनाएंगे, जहां एक लाख से अधिक लोगों को रोजगारपरक काउंसिलिंग दी जाएगी। इसके अलावा वे विश्वस्तरीय मल्टी स्किल डेवलपमेंट सेंटर बनाएंगे, जिसमें 10 हजार लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस सेंटर से वे देश ही नहीं दुनियाभर में रोजगार हासिल कर सकेंगे।